गुुरुग्राम। ठगों ने झांसा देकर दो लोगों से दो लाख दस हजार रुपये ठग लिए। पीड़ितों की ओर से डीएलएफ और साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मूल रूप से बिहार के जिला पुर्निया के रहने वाले असलम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार को पिंक टाउन इलाके में स्थित एटीएम से रुपये निकालने गये हुए थे। तकनीकी खराबी के कारण रुपये नहीं निकल सके। तभी दो युवक एटीएम बूथ पर पहुंचे और रुपये निकालने की बात कहते हुए कार्ड ले लिया। कुछ समय बाद उनके फोन पर खाते से 60 हजार रुपये निकालने का मेसेज आया। जब उन्होंने कार्ड देखा तो वह उनका कार्ड नहीं था।
जबकि हंस एंकलेव निवासी जोगिंदर सिंह की शिकायत के मुताबिक, अक्टूबर माह में उनके पास महाराष्ट्र बैंक का एटीएम कार्ड कोरियर से प्राप्त हुआ। जिसमें दो लाख रुपये निकालने की लिमिट थी। वह कुछ दिनों बाद पालम विहार स्थित रिलायंस स्टोर से खरीदारी करने के लिए पहुंचे तो कार्ड से पेमेंट नहीं हुआ। इस पर उन्होंने गूगल पर ग्राहक सेवा नंबर मिला। जिस पर उन्होंने कार्ड के काम न करने की बात कही। आरोप है कि ठग उनसे फोन पर ओटीपी बताने की बात कहने लगा। झांसे में आकर उन्होंने ओटीपी बता दिया। कुछ समय बाद उनके खाते से तीन किस्तों में डेढ़ लाख रुपये निकाल लिए गए।