फॉलोअप : पंजाब का रहने वाला है आरोपी, 3 जून को सुशांत लोक थाना में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्कॉर्पियो कार चार दिन के लिए लेकर वापस न करने के मामले में पुलिस ने चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जयदीप सिंह पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है। पुलिस की पूछताछ में पता चला कि इसी ने ये स्कॉर्पियो कार 5.5 लाख रुपये में खरीदी थी। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। स्कॉर्पियो कार पहले ही बरामद की जा चुकी है।
सुशांत लोक थाना में ये प्राथमिकी तीन जून को दर्ज हुई थी। एक व्यक्ति ने शिकायत देकर बताया कि वो गुरुग्राम में गाड़ियां किराये पर देने का काम करता है। 23 मई को उन्होंने आशीष पाहवा नामक व्यक्ति को 4 दिन के लिए स्कॉर्पियो कार किराये पर दी थी। 29 मई को कार वापस मांगी तो आरोपी ने बहाने बहाना शुरू किया। आरोपी ने कहा कि कार मेरे पास नहीं है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 29 मई के बाद कार का जीपीएस सिस्टम बंद कर दिया गया है।
मामले में जांच करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-43 की टीम ने 3 आरोपियों को सोमवार को दिल्ली के बुध विहार से काबू किया है। आरोपियों में नोएडा निवासी आशीष पाहवा, महाराष्ट्र के ठाणे निवासी गौरव और दिल्ली के बुध विहार फेज-2 की शर्मा कॉलोनी निवासी विकास कुमार शामिल हैं। आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में पता चला कि आशीष ने ये कार 5.5 लाख रुपये में विकास को बेच दी थी। विकास का दिल्ली में गाड़ी खरीदने-बेचने का काम है। पुलिस टीम ने अब मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।