गुरुग्राम। गांव बैहरमपुर में दीवार के निर्माण को लेकर विवाद में तीन लोगों पर ताबड़तोड़ गोली बरसाने वाले चौथे आरोपी को अपराध शाखा सेक्टर-31 पुलिस ने बृहस्पतिवार को राजीव चौक से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
विगत 18 मार्च को पुलिस को गांव बैहरमपुर में तीन लोगों पर गोली चलाए जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को बिजेंद्र ने बताया था कि उसके भाई रवि भाटी व सुनार फार्म के माली मोहित शुक्ला व हिमांशु मिश्रा पर चार लोगों ने गोली चलाई है। गोली लगने के बाद तीनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है। गोली चलाने वाला मुख्य आरोपी महेश गांव में ही एक फार्म हाउस में दीवार के निर्माण के चलते रंजिश मानता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश करनी शुरू कर दी।
वारदात के कुछ घंटे बाद ही तीन आरोपी महेश कुमार निवासी बैहरमपुर, ऋषि निवासी बैहरमपुर, कर्मबीर निवासी गांव रगांला को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से पूछताछ के बाद चौथे आरोपी धमेंद्र निवासी गांव बंधवाड़ी को बृहस्पतिवार को राजीव चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा।