गिरफ्तार की गई आरोपी महिलाओं की पहचान सुमन कुमारी (21) निवासी कोसलपुरी, आजादपुर (दिल्ली), राजकुमारी चाओबा सिंह (36) निवासी विष्णुपुर, मणिपुर (वर्तमान निवासी सेक्टर-86, गुरुग्राम), अशमिता चाहार (35) निवासी नेपाल (वर्तमान निवासी कोटला, दिल्ली) और ललनपुई (31) निवासी आइजोल, मिजोरम (वर्तमान निवासी द्वारका, दिल्ली) के रूप में हुई है।
बता दें कि 14 नवंबर को अनुज ने सेक्टर-56 थाने में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत के माध्यम से पुलिस को बताया कि घाटा गांव में एसपीआर रोड स्थित सर्विस स्टेशन के पास बनी झुग्गी-झोपड़ियों व कच्चे कमरों में कुछ अज्ञात व्यक्ति व महिलाएं गरीब परिवारों के छोटे बच्चों के लिए निजी पाठशाला संचालित कर रहे हैं।
वे बच्चों को खाने-पीने की वस्तुएं सहित अन्य जरूरी सामान वितरित करने के साथ ही धर्मांतरण संबंधी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उन महिला व पुरुषों द्वारा पाठशाला संचालित करके और खाने-पीने की वस्तुएं वितरित करके बच्चों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
पूछताछ में आरोपी महिलाओं ने किया खुलासा
पुलिस द्वारा आरोपी महिलाओं से पूछताछ में पता चला कि आरोपी महिला ललनपुई एक निजी कंपनी में एचआर पद पर कार्य करती है, आरोपी महिला अशमिता चाहार एक अस्पताल में कैंसर मरीजों के लिए स्वयं सेविका के रूप कार्यरत है। आरोपी महिला राजकुमारी चाओबा सिंह एक निजी कंपनी में लीड एनालिस्ट के पद पर कार्यरत है और आरोपी महिला सुमन कुमार ने पिछले वर्ष ही स्नातक की पढ़ाई पूरी की है और अभी बी.एड. के लिए तैयारी कर रही है। उक्त सभी महिलाएं करीब एक साल से शनिवार के दिन दिल्ली से गुरुग्राम में आकर बच्चों को शिक्षा व खाने-पीने की वस्तुएं देने के नाम पर निजी पाठशाला संचालित करते हुए उन्हें ईसाई धर्म अपनाने की प्रेरणा दे रही थीं।
घटनास्थल से सीसीटीवी कैमरा व बच्चों के नाम वाला रजिस्टर बरामद किए है। आरोपी महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में जिन लोगों के नाम सामने आएंगे, उनको भी गिरफ्तार करके नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। - कपिल अहलावत, एसीपी (सदर), गुरुग्राम।