संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। क्राइम ब्रांच को शमशाबाद कॉलोनी में घर से नकदी व गहने चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। क्राइम ब्रांच प्रभारी पी/एसआई दीपक के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। हेड कांस्टेबल कर्मवीर सिंह की टीम ने 19 अगस्त को चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। क्राइम ब्रांच ने 19 अगस्त को हेमन्त निवासी झाबर नगर शेखपुरा, गाैरव निवासी भगतजी काॅलोनी, अनिल व सोनू को गिरफ्तार कर चोरी का बरामद माल भी जब्त किया। टीम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के संबंध में पूछताछ से करीब आधा दर्जन अलग-अलग चोरी की वारदातों का पर्दाफाश हुआ है। आरोपियों को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार शिकायतकर्ता वकील नरेश कुमार (जेवरात व नकदी के साथ) तीन जुलाई को परिवारिक कारणों से नोएडा गए थे और घर का ताला बंद कर चले गए थे। पांच जुलाई को पड़ोसी ने ताले टूटे होने की सूचना दी। घर लौटने पर नरेश ने देखा कि सोने के कंगन, दो चैन, अंगूठी, कंठी, लैपटॉप तथा 2.40 लाख रुपए नकद गायब थे। कैंप थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया था। क्राइम ब्रांच के प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।