बदमाश होमगार्ड ने साथियों संग रचा युवक के अपहरण का खेल, तीन लाख की फिरौती मांगी
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। पलवल जिले में नियुक्त एक होमगार्ड ने अपने ही बदमाश साथियों के साथ मिलकर राजस्थान के नाबालिग युवक का अपहरण कर लिया। आरोपियों ने युवक की रिहाई के एवज में तीन लाख रुपये की फिरौती की मांग की। लेकिन जब पीड़ित परिवार ने पुलिस को इसकी शिकायत दी और आरोपियों के गांव के लोगों ने दबाव बनाया तो अपहर्ताओं ने युवक को सकुशल छोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिछोर पुलिस ने होमगार्ड जाहिद उर्फ मुच्छल सहित सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी होमगार्ड को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
अपहृत युवक के भाई जनीस निवासी गडाजान कांमा, जिला डींग (राजस्थान) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका 18 वर्षीय भाई वाजिद 17 अगस्त को जरूरी काम से बोलेरो गाड़ी लेकर पुन्हाना आया था। काम निपटाने के बाद जैसे ही वह शाम को गांव लौटने लगा तो जुरहेड़ा रोड पर बड़ा गांव मोड़ के पास उसकी बोलेरो गाड़ी को सामने से आई बोलेरो और स्विफ्ट कार ने रोक लिया। कार से तीन-चार युवक उतरे और उसके भाई को जबरन गाड़ी से नीचे खींचकर अपनी गाड़ी में डाल लिया। युवक को दबोचने के बाद आरोपी सीधे सराय खटोला गांव ले गए। वहां युवक को छोड़ने की एवज में परिजनों से तीन लाख रुपये फिरौती की मांग रखी गई। आरोप है कि आरोपी अपने आप को सीआईए पुलिस कर्मचारी बता रहे थे।
परिजनों ने ली पुलिस की मदद-
जनीस के मुताबिक आरोपियों ने उन्हें फोन किया और अपने आप को सीआईए पुलिस कर्मचारी बताया। युवक को छोडने की एवज में तीन लाख रुपये की मांग की। कुछ पैसो का इंतजाम कर जब वो सिटी थाना पुन्हाना पंहुचे। पुलिस ने भी रात में शहर के इधर उधर उक्त बोलेरो गाड़ी की छानबीन की लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद जानकारी मिली कि युवक का एक गिरोह ने अपहरण किया है।
होमगार्ड निकला गिरोह का सरगना-
पीड़ित के मुताबिक इस पूरे प्रकरण के पीछे पलवल जिले में नियुक्त एक होमगार्ड का हाथ है। होमगार्ड ने अपने आपराधिक प्रवृत्ति वाले साथियों के साथ मिलकर यह वारदात रची। पीड़ित ने बताया कि जब उन्हें इस प्रकरण के सरगना इंदाना गांव के जाहिद उर्फ मुच्छल होमगार्ड का पता चला तो वो इंदाना गांव पहुंचे और वहां मौजिज लोगों से युवक को वापस दिलाने की गुहार लगाई। इंदाना गांव के मौजिज लोगों ने फोन पर बातचीत के दौरान होमगार्ड की आवाज को पहचान कर उस पर युवक को वापस करने का दबाव बनाया। ग्रामीणों के दबाव के बाद युवक को परिजनों को सकुशल सौंपा गया।
शिकायत पर पांच नामजद आरोपियों सहित 7 लोगों पर केस दर्ज किया है। इनमें से जाहिद उर्फ मुच्छल को गिरफ्तार किया है जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। -जसवीर सिंह, बिछोर थाना प्रभारी