लंबे समय से मिल रही थीं जनरेटरों को लेकर शिकायतें
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर एवं ग्राम योजनाकार विभाग की प्रवर्तन शाखा ने बृहस्पतिवार को गोल्फ कोर्स रोड स्थित सनसिटी कॉलोनी में चार जनरेटर हटाने की कार्रवाई की। विभाग ने दो क्रेन और दो जेसीबी मशीनों की मदद से यहां वाटर वर्क्स के ग्रीन एरिया में अवैध रूप से लगाए गए चार सामुदायिक डीजल जनरेटर हटवाए हैं। विभाग को लंबे समय से इन जनरेटरों को लेकर शिकायतें मिल रही थीं।
जनरेटरों को लेकर सीएम विंडो और पीएम विंडो सहित कई शिकायत पोर्टलों पर भी मामले दर्ज थे। स्थानीय निवासी वीएमके सिंह ने भी इस संबंध में शिकायत दी थी। विभाग ने संबंधित आरडब्ल्यूए को कई बार जनरेटर हटाने के निर्देश दिए थे, लेकिन जनरेटरों को नहीं हटाया गया। नगर एवं ग्राम योजनाकार विभाग द्वारा हटाए गए जनरेटरों में दो जनरेटर 500 केवीए और दो जनरेटर 250 केवीए क्षमता के थे। उक्त जनरेटर कॉलोनी के निवासियों को बिजली बैकअप प्रदान कर रहे थे। फिलहाल इन्हें सनसिटी स्थित डिस्पेंसरी परिसर में रखा गया है।
वाटर वर्क्स परिसर में अभी भी 750 केवीए क्षमता का एक बड़ा जनरेटर लगा हुआ है। विशेष मशीनरी की आवश्यकता के कारण इसे बृहस्पतिवार को नहीं हटाया जा सका। विभाग ने आरडब्ल्यूए को आगामी 48 घंटे के भीतर इसे हटाने का निर्देश दिया है।
-
इन जनरेटरों को लगाने के लिए विभाग से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। ग्रीन एरिया का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुसार ही होना चाहिए। जनरेटरों को ग्रीन एरिया में लगाया गया था, जो विभागीय नियमों का उल्लंघन है। विभागीय निर्देशों की अवहेलना करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।
- अमित मधोलिया, डीटीपीई, नगर एवं ग्राम योजनाकार विभाग, गुरुग्राम