आपसी भाईचारे और स्थानीय सहयोग की अनूठी मिसाल पेश कर रहा जिला
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सूर्योपासना का महापर्व छठ आज किसी एक क्षेत्र या धर्म तक सीमित न रहकर सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक बन चुका है। गुरुग्राम में छठ पूजा के भव्य आयोजनों में पूर्वांचल समाज के साथ-साथ स्थानीय निवासियों और विभिन्न समुदायों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिलती है।
शहर के जनप्रतिनिधियों से लेकर आम नागरिकों तक, हर कोई इस पावन पर्व की तैयारियों में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग करता है। विधायक मुकेश शर्मा और पार्षद परमिंदर कटारिया जैसे जनप्रतिनिधि न केवल घाटों की व्यवस्था संभालते हैं, बल्कि व्रतियों को अर्घ्य दिलाने और जरूरतमंदों को पूजा सामग्री उपलब्ध कराने में भी आगे रहते हैं। इसके अलावा, सूरत नगर में करोड़ों रुपये की लागत से पक्के घाट और सूर्य मंदिर का निर्माण स्थानीय प्रशासन के सहयोग को दर्शाता है। विधायक मुकेश शर्मा छठ पूजा शीतला माता मंदिर पार्किंग में उपस्थित होकर अर्घ्य व्रतियों को अर्घ्य दिलाने और व्यवस्था में पूरी भागीदारी निभाते हैं। उनकी छठ समितियों के साथ मिलकर शीतला मंदिर के अलावा अन्य घाटों पर पहुंचकर पूजा में हिस्सा लेते हैं। पूर्व उपमहापौर और वार्ड संख्या 35 के पार्षद परमिंदर कटारिया 29 सालों से लगातार गुड़गांव गांव में छठ घाट बनवाने के साथ जरूरतमंद परिवारों छठ पूजा की सामग्री उपलब्ध कराने के साथ-साथ अर्घ्य में हिस्सा लेते रहे हैं।
इस पर्व की सबसे खूबसूरत झलक सेक्टर-79 और सेक्टर-15 के घाटों पर दिखती है, जहां सिख और मुस्लिम समुदाय के लोग भी पूरी श्रद्धा के साथ आयोजन की जिम्मेदारी संभालते हैं। यह सामूहिक प्रयास गुरुग्राम की समृद्ध साझा संस्कृति को जीवंत करता है।
भगवान सूर्य और छठी मईया की कृपा है, मैंने 1997 में गुड़गांव गांव के छठ घाट का निर्माण कराकर पूजा में सहयोग करना शुरू किया था, जो आज तक जारी है। - परमिंदर कटारिया,पार्षद वार्ड संख्या 35
हमारे गांव में भी इस पर्व पर हम घाट की सफाई से लेकर व्रतियों की सेवा और प्रसाद प्राप्त करने में शामिल रहे है। गुरुग्राम के आयोजन मेंं कई सालों से भागीदारी निभा रहे हैं। - हाजी समसूल, सचिव मिथिलांचल जन सेवा समिति
बिहार के दरभंगा जिले से हूं। कई सालों तक गुरुग्राम में छठ घाट निर्माण और आयोजन में मुख्य भूमिका निभाई। यह पर्व धर्म, जाति, वर्ग से ऊपर सामाजिक समरसता का संदेश देता है। - अकबर नद्दाफ, पटेल नगर
इस साल हम ज्यादा व्यापक स्तर पर छठ का आयोजन करा रहे हैं। जब से यहां आया हूं सोसाइटी की पूजा की व्यवस्था संभाल रहा हूं। अर्घ्य से लेकर प्रसाद पाने तक पूरी आस्था से शामिल होता हूं। - राजकिरण सिंह, मैपस्को माउंटविले, सेक्टर-79