नगर निगम की स्वच्छता शाखा ने सेक्टर-27 में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नगर निगम की स्वच्छता शाखा ने कचरा प्रबंधन के नियमों की अवहेलना पर दो होटलों व दो लोगों पर कार्रवाई की है। इनमें बल्क वेस्ट जनरेटर दो होटलाें पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वहीं, कचरा जलाने पर दो लोगों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
शुक्रवार को स्वच्छता शाखा की टीम ने होटलों, मॉल्स सहित अन्य बल्क वेस्ट जनरेटरों का निरीक्षण किया। इस दौरान सफाई निरीक्षक जितेन्द्र कुमार की अगुवाई में टीम सेक्टर-27 स्थित होटल उडामन और ओल्ड मैपल पहुंची। दोनों प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं। यहां होटल प्रबंधन की ओर से ठोस कचरा प्रबंधन नियम-2016 के तहत कचरे का निष्पादन नहीं किया जा रहा था। टीम ने प्रबंधन पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, निगम टीमों ने वजीराबाद क्षेत्र में कूड़े में आग लगाने पर दो लोगों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। साथ ही दोबारा पकड़े जाने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी है। इससे पूर्व कचरा प्रबंधन में खामियों पर होटल डबल ट्री बाय हिल्टन, होटल ट्री हाउस, क्वींस पर्ल, होटल द एक्यूरा बीएमके व आरडी मॉल पर कार्रवाई हो चुकी है।