दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 15 अगस्त की रात सिधरावली कट के नजदीक एक ट्रक अनियंत्रित होकर गाड़ी पर पलट गया, जिससे गाड़ी चालक समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृतकों की पहचान कुमार पुजीत, आदर्श कुमार, मुस्कान तिवारी और गाड़ी चालक दीपक के रूप में हुई, जबकि प्रेरणा सुल्तानिया गंभीर रूप में घायल है। सभी उदयपुर से लौट रहे थे। मृतकों में से तीन नोएडा की एक कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। हादसे में एक युवक को मामूली चोट आई है। उसकी शिकायत पर बिलासपुर थाना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से पंजाब के पटियाला जिला अंतर्गत आनंद नगर निवासी जसनूर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह नोएडा की एडोब कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। पिछले दिनों वह और उसके चार साथियों ने स्वतंत्रता दिवस पर उदयपुर घूमने की योजना बनाई थी। 13 अगस्त को मेरठ निवासी आदर्श कुमार, सत्येंद्र कुमार, कोलकाता निवासी मुस्कान तिवारी व प्रेरणा सुल्तानिया तथा बेंगलुरु निवासी कुमार पुजीत के साथ वह उदयपुर के लिए निकला। इसके लिए उन लोगों ने स्थानीय टूर एंड ट्रैवल कंपनी से इनोवा गाड़ी बुक की थी।
जसनूर के मुताबिक, कार यूपी के बाराबंकी जिला अंतर्गत गाजीपुर गांव निवासी दीपक चला रहा था। उदयपुर से लौटने के दौरान 15 अगस्त की रात करीब एक बजे सिधरावली कट के नजदीक दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी गाड़ी से टकरा गया। जोरदार टक्कर के बाद ट्रक गाड़ी पर ही पलट गया। ट्रक के पिछले हिस्से के नीचे गाड़ी में सवार सभी लोग दब गए।
ट्रक चालक फरार, यातायात व्यवस्था प्रभावित
अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए दिल्ली-जयपुर हाईवे पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाइड्रा की मदद से ट्रक को उठवाकर गाड़ी में दबे सभी लोगों को सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक जांच के बाद ही डॉक्टरों ने चार को मृत घोषित कर दिया। ट्रक के नंबर के आधार पर पुलिस उसके चालक तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।