अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। व्हाट्सएप पर संदेश भेजकर शेयर मार्केट में निवेश कराने के नाम साढ़े चार लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। ठगों ने भरोसा जीतने के लिए पीड़िता के वॉलेट में पैसे भी ट्रांसफर किए। बाद मेंं 43 लाख की रकम बताकर उसे रिलीज कराने के नाम पर पैसे जमा करा लिए। साइबर ईस्ट थाना पुलिस ने पीड़िता के बयान पर अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
डीएलएफ फेज चार की रहने वाली कनुप्रिया प्रियदर्शिनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके पास चार जनवरी को व्हाट्सएप पर एक संदेश आया। इसमें शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने की बात लिखी थी। उनसे पंजीकरण फार्म भरवाया गया और उनसे शेयर बाजार के लिए पीईक्यूटी नाम का एप डाउनलोड कराया गया। एप की तरफ से दो लोगों ने बातचीत करते हुए उनके एप में शुरुआत में दो हजार रुपये जोड़ दिए। इसके बाद उन पर शेयर खरीदने का दबाव बनाया गया। कनुप्रिया ने खरीदारी न करने की बात कही तो उन्हें पाॅलिसी के नाम पर डराया गया। एप के लोगों की तरफ से उनके खाते में अल्पेक्स सोलर के नाम वाले शेयर आवंटित कर उनसे 90 हजार रुपये भेजने के लिए कहा गया। रुपये भेजने से इनकार करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इस पर 15 फरवरी को कनुप्रिया ने दो बार में 90 हजार रुपये भेज दिए। 20 फरवरी को महिला ने शेयर बेचकर रुपये निकालने की कोशिश की तो रुपये नहीं निकले। एप की तरफ से बताया गया कि उनके एप में इस समय प्राॅफिट के साथ 43 लाख रुपये की राशि है। उसे निकालने के लिए दस प्रतिशत सिक्योरिटी मनी भेजनी होगी। इसके बाद साइबर ठगों ने उनसे तीन लाख 83 हजार रुपये और जमा कराए।