पुलिस ने संबंधित थानों में दर्ज किए तीन मामले
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। अवैध हथियार रखने व बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से दो पिस्टल, एक कट्टा और दो कारतूस बरामद किए हैं। संबंधित थानाें में अलग-अलग तीन मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
अपराध शाखा मानेसर की पुलिस टीम ने पलवल के होडल निवासी करण और हसनपुर चौक निवासी रोहित को शनिवार को नौरंगपुर बलबीर की ढाणी के पास से एक पिस्टल व एक कारतूस सहित गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के खिलाफ खेड़कीदौला थाने में एफआईआर दर्ज की है। आरोपी करण ने यह पिस्टल आरोपी रोहित से ली थी। इसके साथ ही पुलिस टीम ने रोहतक के रिठाल गांव निवासी विकास उर्फ बिच्छू को पहलवान चौक शिकोहपुर के पास से एक पिस्टल व एक कारतूस के साथ पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ खेड़कीदौला थाने में मामला दर्ज किया है।
अपराध शाखा फर्रुखनगर की पुलिस ने रविवार को झज्जर के शास्त्री नगर, बहादुरगढ़ निवासी रितिक कुमार को केएमपी फ्लाईओवर के पास से कट्टे के साथ पकड़ा है। आरोपी के खिलाफ फर्रुखनगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि रोहित के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत के दो मामले पलवल में दर्ज हैं। आरोपी विकास उर्फ बिच्छू पर लड़ाई-झगड़ा करने, जान से मारने की धमकी देने, चोरी करने व अवैध हथियार रखने के चार मामले रोहतक में पहले भी दर्ज हैं।