सेक्टर-95 में वजीरपुर चौक के पास हादसा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पुलिस चौकी सेक्टर-93 क्षेत्र में सोमवार सुबह सेक्टर-95 में वजीरपुर चौक के पास ट्रक ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके मामा का लड़का घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है।
मृतक की पहचान गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के अंबेडकर नगर निवासी आदर्श सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है। वह दिल्ली स्थित मदर डेयरी में नौकरी करता था। मृतक के भाई अर्पित सिंह ने बताया कि वह गुरुग्राम के सेक्टर-92 में रहता है और रोफ आनन्दा सोसाइटी में एसटीपी ऑपरेटर का काम करता है। उसका छोटा भाई आदर्श सिंह दो दिन पहले ही उनके पास आया था और वे परिवार सहित वृंदावन से घूमकर रविवार की रात को वापस आए थे। सोमवार की सुबह उसका भाई आदर्श सिंह व मामा का लड़का बाइक पर सवार होकर किसी काम से सेक्टर-95 की ओर गए थे। वजीरपुर चौक के पास पहुंचे तो एक ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में उसके छोटे भाई आदर्श सिंह की मौत हो गई, जबकि मामा का लड़का घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में पहुंचाया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जांच अधिकारी जगदीश शर्मा ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर ट्रक की पहचान करने का प्रयास कर रही है ताकि चालक को गिरफ्तार करके आगामी कार्रवाई की जा सके। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।