अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉड्रिंग के आरोप में दिल्ली से पूर्व विधायक धर्म सिंह छोकर को गिरफ्तार करने के बाद सोमवार को गुरुग्राम अदालत में पेश किया। करीब दो घंटे तक चली बहस के बाद ईडी अधिकारियों की मांग पर कोर्ट ने 9 मई तक रिमांड पर भेज दिया। पूर्व विधायक व उनकी कंपनी पर 1500 करोड़ रुपये की मनी लॉड्रिंग का आरोप है। गुरुग्राम में पूर्व विधायक पर घर खरीदारों के 1500 करोड़ रुपये लेकर घर नहीं दे पाए थे। वहीं, इस रकम को अन्य जगह डायवर्ट किया गया।
पूर्व विधायक के अधिवक्ता प्रशांत यादव ने बताया कि ईडी ने कांग्रेस के पूर्व विधायक धर्म सिंह छोकर की कंपनी एम/एस साई आईना फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड से संबंधित 44.55 करोड़ रुपये की संपत्तियों को पीएमएलए के तहत अस्थायी रूप से कुर्क किया था।
ईडी ने गुरुग्राम पुलिस की ओर से दर्ज एफआईआर के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें कंपनी पर धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप थे। कंपनी पर नकली बैंक गारंटी और जाली दस्तावेज जमा कर गुरुग्राम के सेक्टर 68, 103 और 104 में किफायती हाउसिंग प्रोजेक्ट्स के लिए लाइसेंस लेने का आरोप है। छौकर के वकील प्रशांत यादव ने बताया कि उन्हें कोर्ट नंबर एक में पेश किया गया। जहां करीब दो घंटे तक ईडी की दलीलों व वकील के बीच बहस हुई। बहस के बाद ईडी की मांग पर चार दिन के रिमांड पर भेजा गया है। एडवोकेट ने बताया कि पूर्व विधायक से रिमांड के दौरान मनी लॉड्रिंग से संबंधित बैंक से लेन-देन आदि की पूछताछ की जाएगी।