अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पंचायत की जमीन में दो एकड़ का तालाब खुदवाने, मिट्टी चोरी, बिना अनुमति मिट्टी खोदने की शिकायत लेकर देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री देवीलाल के व्यक्तिगत कार चालक राम निवास भटक रहे हैं। वह समाधान शिविर में होने वाले आदेश व उनपर पुख्ता कार्रवाई को लेकर दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। इतना ही नहीं सीएम विंडो पर शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
फर्रुखनगर कस्बे से सात किमी की दूरी पर ख्वासपुर गांव है। वहां के रहने वाले बुजुुर्ग राम निवास बताते हैं कि गांव में बिना अनुमति के तालाब के नाम पर दो एकड़ की जमीन की 35 फुट गहराई में खोदाई हुई। जिसकी जांच को लेकर 20 दिसंबर 2024 को माइनिंग अधिकारी से शिकायत की।
न्याय नहीं मिला तो समाधान शिविर में शिकायत किया। 28 अप्रैल को यह शिकायत प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से जिला पंचायत अधिकारी को भेज दी गई। वह जो भी शिकायत करता था उस पर हो रही कार्रवाई के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं मिली। इस बाबत उन्होंने 26 जून को फिर से समाधान शिविर में शिकायत की है। इसके बाद 27 जून को मुख्यमंत्री विंडो पर शिकायत कर कहा कि उसकी शिकायत पर माइनिंग विभाग की ओर से मामला तो दर्ज कर लिया गया है मगर उस पर कार्रवाई नहीं हो रही है। आरोपी पर 8,88,119 रुपये जुर्माना हुआ है।
समाधान शिविर में आने वाली शिकायत को सुनने के बाद मौके पर ही संबंधित अधिकारी को भेजा जाता है। जिस पर एक समय सीमा के तहत कार्रवाई भी की जाती है। अगर किसी पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई नहीं हो पा रही है तो वह दोबारा मिल सकता है।
अजय कुमार, उपायुक्त, गुरुग्राम।