गुरुग्राम। गैरतपुर बांस क्षेत्र में अवैध खनन रोकने गए वन रक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने वन रक्षक के साथ हाथापाई कर उनको बाइक से गिराकर घायल करने की भी कोशिश की। सोहना रेंज के वन अधिकारी विक्रम सिंह की शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत में सोहना क्षेत्र के वन अधिकारी ने बताया कि वन रक्षक परवीन पिछले 9 दिसंबर को गुप्त सूचना के आधार पर अवैध खनन को रोकने के लिए गैरतपुर बांस क्षेत्र में पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोग मिले, जिनसे वन रक्षक ने अवैध खनन के बारे में पूंछा तो उन्होंने फोन कर अन्य लोगों को बुला लिया। थोड़ी ही देर में मौके पर सुंदर व राहुल नामक युवक पहुंच गए। तब तक अवैध खनन के आरोपी ट्रैक्टर लेकर भागने लगे, जिनका वन रक्षक ने मोटरसाइकिल से पीछा कर लिया। वह जा ही रहे थे कि सुंदर व राहुल उनको चलती मोटरसाइकिल से धक्का मारकर गिराने का प्रयास करने लगे। इसके बाद जब वन रक्षक ने उनसे इसकी वजह पूछी तो वह मारपीट करने लगे। सोहना रेंज के वन अधिकारी की शिकायत पर बादशाहपुर थाना पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश में छापा मारना शुरू कर दिया है।