जीएमडीए ने एफओबी के लिए चिन्हित की जगह
मारुति कंपनी सीएसआर के तहत कराएगी निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने ओल्ड दिल्ली रोड स्थित मारुति सुजूकी कंपनी के पास बनने वाले फुट ओवरब्रिज के लिए जगह को चिन्हित कर लिया है। एफओबी का निर्माण मारुति कंपनी सीएसआर के तहत करा रही है।
जीएमडीए शहर में पैदल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए जरूरत के अनुसार एफओबी का निर्माण कर रह है। जीएमडीए खुद के साथ सीएसआर के तहत भी योजनाओं को सिरे चढ़ाने का प्रयास कर रहा है। ओल्ड दिल्ली रोड पर मारुति कंपनी के पास लंबे समय से एफओबी की जरूरत महसूस की जा रही है। इसके लिए कंपनी सीएसआर के तहत एफओबी का निर्माण पर काम कर रही है।
योजना के अनुसार स्टेनलेस स्टील से बने 37 मीटर लंबे एफओबी पर स्वचालित सीढ़ियां भी लगाई जाएंगी। सुविधा के लिए लिफ्ट का प्रावधान भी शामिल किया जा सकता है। जीएमडीए की टीम ने दो दिन पहले मारुति कंपनी के पास एफओबी निर्माण के लिए जगह चिन्हित कर दिया है। मारुति कंपनी ने एफओबी निर्माण की ड्राइंग जीएमडीए को शेयर की है। निर्माण पर जल्द काम शुरू होने की उम्मीद है। इसे नौ माह में पूरा करने का लक्ष्य है और करीब चार करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
पांच एफओबी बनेंगे
जीएमडीए प्रमुख स्थानों पर पांच अतिरिक्त फुट ओवरब्रिज की योजना बना रहा है। इसमें मेदांता, आर्टेमिस, गुड अर्थ सिटी सेंटर विकास मार्ग, सेक्टर 14/16 डिवाइडिंग रोड एमडीआई चौक फ्लाईओवर और न्यू रेलवे रोड पर भीम नगर चौक शामिल हैं।