सदर बाजार में तैनात किए गए पुलिसकर्मी और दमकल वाहन
अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। धनतेरस और दिवाली त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन और फायर विभाग ने पुख्ता तैयारियां की हुई हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से बाजारों और भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, दमकल विभाग की गाड़ियों को भी बाजारों के आसपास खड़ा किया है ताकि किसी अनहोनी घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके।
सदर बाजार में सुबह से देर रात तक वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई है। अपना बाजार के पास बैरिकेड्स लगाए गए हैं और वाहनों को अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। वहीं, शनिवार को डाकखाना चौक पर पुलिसकर्मी तो तैनात थे, लेकिन वे बाजार के अंदर जाने वाले दोपहिया वाहनों को नहीं रोक रहे थे। दोपहिया वाहनों के कारण बाजार में खरीदारी करने आए लोगों को परेशानी हो रही थी।
दमकल गाड़ियों को किया गया तैनात
सदर बाजार में आगामी तीन दिनों तक भीड़ को देखते हुए फायर विभाग ने दो दमकल गाड़ियां तैनात की हैं। इनमें एक गाड़ी डाकखाना चौक पर और एक गाड़ी मस्जिद चौक के पास तैनात की गई। इसके अलावा बादशाहपुर क्षेत्र में वाटिका चौक के पास एक दमकल गाड़ी, सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन के पास एक गाड़ी, दौलताबाद गांव के पास एक गाड़ी, द्वारका एक्सप्रेसवे के लिए एक दमकल गाड़ी को हादसे पर काबू पाने के लिए तैनात किया गया है। वहीं, खांड़सा रोड स्थित भूतेश्वर मंदिर के पास एक गाड़ी, कादीपुर क्षेत्र में राधा स्वामी सत्संग भवन के पास एक गाड़ी, पालम विहार क्षेत्र में सेक्टर-23 के पास एक गाड़ी, बिलासपुर चौक के पास के एक गाड़ी, आईएमटी मानेसर चौक के पास एक गाड़ी और फर्रुखनगर क्षेत्र में एक दमकल गाड़ी को तैनात किया गया है।
जागरूकता मार्च निकाला
दिवाली त्योहार पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस प्रशासन और फायर विभाग की ओर से संयुक्त रूप से जागरूकता मार्च निकाला गया। उपायुक्त अजय कुमार के निर्देशानुसार मार्च का उद्देश्य बाजार क्षेत्र के दुकानदारों व लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। भीड़ नियंत्रण के उपायों की जानकारी देना था।
दिवाली त्योहार पर सदर बाजार में होने वाली भीड़ को लेकर पुख्ता व्यवस्था की गई है। पुलिसकर्मियों और दमकल गाड़ियों काे तैनात किया गया है ताकि किसी अप्रिय घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके। बाजार में आने वालों वाहनों पर सख्ती से रोक लगाई जाएगी, ताकि खरीदारी करने आ रहे लोगों को परेशानी न हो।
- विष्णु प्रसाद, सहायक पुलिस आयुक्त (सिटी), गुरुग्राम