17 जनवरी को अपहरण कर लाठी-डंडों से पीटा था
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। कहासुनी होने पर रंजिश में युवक का अपहरण कर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने के मामले में शामिल पांच आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को पचगांव चौक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान खंडेवला गांव निवासी सागर उर्फ चेली, सागर उर्फ चीनू, जोगेंद्र उर्फ चिक्कू, जटौली गांव निवासी संग्राम और झज्जर के लुहारी गांव निवासी प्रिंस के रूप हुई है।
खंडेवला गांव निवासी विनीत के चाचा की शिकायत पर फर्रुखनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था। चाचा ने रविवार को फर्रुखनगर थाना पुलिस काे दी शिकायत में बताया कि शनिवार को विनीत खेत में काम करने घर की तरफ आ रहा था। जब वह गांव के पंचायती भवन के पास पहुंचा तभी इरटिगा गाड़ी में सवार होकर आए कपिल, सागर, सागर उर्फ चीनू, जोगेंद्र और कपिल ने भतीजे को जबरदस्ती अपनी गाड़ी में बैठाकर ले गए। उन्होंने बताया कि विनीत को लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा गया। सोमवार को उपचार के दौरान विनीत की मौत हो गई।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि मृतक विनीत और आरोपी सागर उर्फ चेली के बीच में 16 जनवरी को कहासुनी और धक्का मुक्की हुई थी। इसके बाद से ही आरोपियों ने विनीत की रेकी करनी शुरू कर दी थी। शनिवार को विनीत को जबरदस्ती अपनी गाड़ी में डालकर खेतों में ले गए और वहां पर उसके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। आरोपी सागर उर्फ चेली के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास व जान से मारने के तीन मामले, आरोपी सागर उर्फ चीनू के खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास व जान से मारने की धमकी देने के चार मामले और आरोपी जोगेंद्र के खिलाफ भी हत्या समेत अन्य धाराओं में चार मामले दर्ज हैं। फर्रुखनगर थाना प्रभारी संतोष ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन की रिमांड पर लिया गया है।