प्राथमिक उपचार के बाद घायलों दिल्ली के एम्स अस्पताल में किया गया रेफर
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। खेड़कीमाजरा गांव में 27 मार्च की रात करीब 9 बजे खाना बनाते समय पांच किलो वाला छोटा सिलिंडर फटने से पांच श्रमिक झुलस गए। बताया जा रहा है घरेलू गैस लीक होने से यह घटना हुई है।
घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनको दिल्ली के एम्स अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। धनकोट चौकी की पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मूलरूप से बिहार के रहने वाले छह युवक सुरेश, मनमोहन, चिंटू, अशोक, विवेक व सद्दाम हुसैन खेड़कीमाजरा गांव में बिट्टू के मकान में किराये से कमरा लेकर रह रहे हैं। वे सभी गुरुग्राम में दिहाड़ी-मजदूरी का काम करते हैं। 27 मार्च की रात करीब 9 बजे एक युवक सुरेश बाहर आटा लेने के लिए गया था, जबकि अन्य पांच युवक कमरे में मौजूद थे। एक युवक खाना बना रहा था तो छोटे सिलिंडर में गैस रिसाव होने के कारण धमाके साथ फट गया। आग की लपटों से कमरे में मौजूद सभी पांचों युवक मनमोहन, चिंटू, अशोक, विवेक व सद्दाम हुसैन झुलसे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही धनकोट चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में लाया गया, जहां से उनको प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। धनकोट पुलिस चौकी के प्रभारी एसआई जगमाल ने बताया कि खाना बनाते समय छोटा सिलिंडर फटने की बात सामने आई है। मामले की छानबीन की जा रही है।