एंबियंस मॉल के मालिक राज सिंह गहलोत ने जम्मू एंड कश्मीर बैंक से 800 करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। 500 करोड़ रुपये से दिल्ली में फाइव स्टार होटल का निर्माण होना था। शेष राशि से अन्य कार्य कराए जाने थे, लेकिन कागजों में ही निर्माण हो गया। जबकि इस राशि का काफी हिस्सा राज सिंह गहलोत ने अपने भाई और बेटे को हस्तांतरित कर दिया था।
खुफिया सूत्रों का कहना है कि बैंक से 800 करोड़ रुपये का कर्जा मिला था। जम्मू कश्मीर में एक राजनेता की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि इस राशि को लेकर मनी लांड्रिंग से तार जुड़े हुए थे। केंद्रीय जांच एजेंसी और जम्मू कश्मीर पुलिस इस मामले में राज सिंह गहलोत को जम्मू ले गई थी।
जांच के दौरान मनी लांड्रिंग का खुलासा होने पर यह जांच ईडी को सौंप दी गई थी। इस मामले में सीबीआई की टीम पिछले महीने से चंडीगढ़, जम्मू और दिल्ली में डेरा डाले हुई थी। इन टीमों ने राज सिंह गहलोत तथा इनकी तीन कंपनियों के निदेशकों के घर तथा अन्य प्रतिष्ठानों पर गोपनीय पड़ताल की।
छापे भी मारे, इस दौरान पालम बिहार स्थित जे एंड के बैंक के अभिलेख भी देखे। जिनके माध्यम से राज गहलोत की कंपनियों को 800 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया था। इस मामले की जांच में सीबीआई के साथ-साथ ईडी की टीम भी शामिल थी। इस मामले में राज गहलोत की तीन कंपनियों के निदेशकों, बेटा तथा भाई भी ईडी तथा सीबीआई पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक जल्दी ही इस प्रकरण से जुड़े कई और लोगों को गिरफ्तार किया जा सकता है।