देहरादून में 10 से 15 जुलाई तक राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता होगा आयोजन
2029 विश्व शीतकालीन खेलों के लिए भारतीय टीम चयन का बनेगा आधार
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। स्पेशल ओलंपिक्स भारत हरियाणा की ओर से जिले के आई स्केट में स्पीड स्केटिंग राज्य स्तरीय टीम चुनने के लिए ट्रायल का आयोजन किया गया। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों और संस्थानों से आए 30 खिलाड़ियों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने 111 मीटर, 222 मीटर और 333 मीटर स्पर्धाओं में सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्गों के तहत अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पांच खिलाड़ियों का चयन आगामी राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता के लिए किया गया।
चयनित खिलाड़ियों में सीनियर वर्ग से मोहित ग्रेस स्कूल, सोनीपत तथा सुहानी सिंह डीएवी गुरुग्राम शामिल है। जूनियर वर्ग से प्रणव अग्रवाल हेरिटेज स्कूल गुरुग्राम और अंबाला की समायरा कपूर का चयन हुआ है। जबकि सब-जूनियर वर्ग में सोनीपत के अयान ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए स्थान बनाया है। राष्ट्रीय स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता 10 से 15 जुलाई तक देहरादून में आयोजित होगी। इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर 2029 में स्विट्ज़रलैंड में आयोजित होने वाले स्पेशल ओलंपिक्स वर्ल्ड विंटर गेम्स के लिए भारतीय टीम के संभावित खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। स्पेशल ओलंपिक्स भारत हरियाणा के पदाधिकारियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा का नाम रोशन करने की उम्मीद जताई है।