फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gurugram News: सड़क हादसों में महिला सहित पांच की मौत, चार घायल

विज्ञापन
विज्ञापन
सोहना, बादशाहपुर, सेक्टर-10, सेक्टर-17/18 थाना क्षेत्रों में हुए हादसे
विज्ञापन

पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा, पुलिस कर रही मामलों की छानबीन
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। 24 घंटे में अलग-अलग चार सड़क हादसों में एक महिला सहित पांच की मौत हो गई। वहीं, चार युवक घायल हो गए। मृतकों के परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ सोहना सिटी, बादशाहपुर, सेक्टर-10 और सेक्टर-17/18 थाने में सड़क हादसों में मौत संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। सभी मामलों में संबंधित थानों की पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।
सेक्टर-93 थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 3:30 बजे ऐलान मॉल के पास पटौदी रोड पर यू-टर्न ले रही हुंडई औरा कार को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में कार कई बार पलटी खाई। कार में बैठे दो युवकों की मौत हो गई व तीन युवक घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर है। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भाग गया। मृतकों की पहचान लाखन माजरा (रोहतक) के खरैटी गांव निवासी राहुल गिल (24) और गन्नौर (सोनीपत) के शेखपुरा गांव निवासी उमंग बेनिवाल (24) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में शुभम व राहुल खत्री निवासी खरक (रोहतक) और सनी निवासी शेखपुरा गांव शामिल हैं।
विज्ञापन

शुभम ने पुलिस का दी शिकायत में बताया कि वह गुरुग्राम के सेक्टर-81 स्थित लैंडमार्क सोसाइटी में किराये पर रहता है और निजी कंपनी में कार्यरत हैं। 4 जुलाई की रात वे अपने दोस्त उमंग बेनीवाल, सनी व राहुल खत्री के साथ राहुल गिल के फ्लैट पर थे। कुछ देर बाद सभी दोस्त उमंग बेनीवाल की कार में चाय पीने के लिए निकले। कार जैसे ही बामडोली रेड लाइट पार करके द्वारका एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ी, तभी यह हादसा हुआ। सभी दोस्त शनिवार को काम की तलाश में गुरुग्राम आए थे। वे यहां पर केंटीन खोलना चाहते थे। जांच अधिकारी राजेश ने बताया कि दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मर्सिडीज कार की टक्कर से एक्टिवा सवार की मौत
बादशाहपुर थाना क्षेत्र में वाटिका चौक फ्लाईओवर पर मर्सिडीज कार की टक्कर से एक्टिवा सवार युवक की मौत हो गई। झाड़सा गांव निवासी अमित ठाकरान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके ताऊ का लड़का विपिन कुमार (28) पलवल से एक्टिवा पर सवार होकर गुरुग्राम स्थित घर लौट रहा था। इसी दौरान सोहना से गुरुग्राम की ओर आने वाले वाटिका चौक फ्लाईओवर पर मर्सिडीज कार ने उसकी एक्टिवा में टक्कर मार दी। हादसे में विपिन कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार को लेकर मौके से भाग गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी कैलाश ने बताया कि अज्ञात कार चालक के खिलाफ बादशाहपुर थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इनोवा से टकराने से स्कूटी सवार की मौत
सेक्टर-17/18 थाना के अंतर्गत इफको चौक पर इनोवा से स्कूटी टकराने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के रजोकरी निवासी संदीप के रूप में हुई है। मृतक के भाई पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका बड़ा भाई संदीप एक निजी कंपनी में चालक की नौकरी करता था। 4 जुलाई को वह दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूटी पर सवार होकर गुरुग्राम से दिल्ली जा रहे थे। स्कूटी इफको चौक के पास पहुंची तो आगे चल रही इनोवा के चालक ने लापरवाही से अचानक वाहन दाएं तरफ मोड़ दिया, जिस कारण स्कूटी सीधे इनोवा से टकरा गई व संदीप घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को उपचार के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी अनिल ने बताया कि इनोवा की पहचान की जा चुकी है। जल्द ही चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।

डंपर की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत
सोहना सिटी थाना क्षेत्र में 4 जुलाई की सुबह करीब 11 बजे अंबेडकर चौक के पास डंपर ने बुजुर्ग महिला को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर चोटें लगने के कारण महिला की मौत हो गई। चालक डंपर को मौके पर छोड़कर भाग गया। मृतका की पहचान फरीदाबाद के धौज गांव निवासी फरीदा (65) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान चालक ने रेडलाइट को पार करने के चक्कर में डंपर को तेज रफ्तार से चलाते हुए महिला को टक्कर मार दी। मृत महिला के बेटे मुस्तफा की शिकायत पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में सोहना सिटी थाने में प्राथमिकी दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी। जांच अधिकारी अमीर सिंह ने बताया कि डंपर को जब्त करके थाने में खड़ा किया गया है।
विज्ञापन


चारों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने प्राथमिक दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस गहनता से छानबीन कर रही है। हादसों को अंजाम देने वाले चालकों को जल्द गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें