आरोपियों से एक पिस्टल, बटन वाला चाकू और रॉड बरामद
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। हथियारों के बल पर राहगीरों को लूटने की फिराक में घूम रहे पांच आरोपियों को रविवार को उद्योग विहार क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने आरोपियों से एक देसी पिस्टल, एक बटन वाला चाकू, एक रॉड और एक टॉर्च बरामद की है।
आरोपियों की की पहचान इंदौर (मध्य प्रदेश) के मरोड़ वाली माता गांव निवासी रामबाबू, लाडू उर्फ भोला व शिवा, खानदवा (मध्य प्रदेश) के बोर गांव निवासी अक्षय और जूनपानी गांव निवासी राहुल के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि आरोपी चोरी करने की वारदातों को अंजाम देने में सक्रिय हैं। वे संगठित होकर उद्योग विहार क्षेत्र में हथियार के बल पर लूट करने की फिराक में थे। अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने सूचना मिलते ही कार्रवाई की और उनके खिलाफ उद्योग विहार थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
आरोपियों पर दर्ज मामले
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि आरोपी रामबाबू पर चोरी करने का एक मामला गुरुग्राम, पशु क्रूरता अधिनियम के तहत एक मामला मध्य प्रदेश में दर्ज है। आरोपी अक्षय पर चोरी करने का एक मामला गुरुग्राम में व एक मामला महाराष्ट्र में दर्ज है। आरोपी लाडू उर्फ भोला पर शस्त्र अधिनियम के तहत एक मामला झज्जर में दर्ज है। आरोपी शिवा चौहान पर चोरी करने के दाम मामले व एक्साइज एक्ट के तहत एक मामला मध्य प्रदेश में दर्ज है। वहीं, आरोपी राहुल पर चोरी करने के दो मामले मध्य प्रदेश में पहले से भी दर्ज हैं।
आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ उद्योग विहार थाने में मामला दर्ज किया गया है। आगामी कार्रवाई के लिए पांचों आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में छानबीन की जा रही है ताकि आरोपियों के अन्य साथियों के बारे में पता चल सके। - संदीप कुमार, पुलिस प्रवक्ता