गुरुग्राम। वैक्सीन की कमी के कारण शासकीय केंद्रों पर शनिवार को भी टीके की पहली डोज नहीं लगाई गई, जिसके चलते लोगों को काफी समस्या का सामना करना पड़ा। सिर्फ एक केंद्र सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक में ही स्पुतनिक वैक्सीन की पहली डोज लगाई गई जबकि अन्य केंद्रों पर पहली डोज का टीकाकरण बंद रहा। इसके चलके उम्मीद लेकर केंद्रों पर पहुंचे लोगों को मायूस होकर टीकाकरण केंद्रों से वापस लौटना पड़ा।
हालांकि, निजी केंद्रों पर पहली डोज का टीकाकरण जारी रहा, जिसके चलते दूसरी डोज के मुकाबले ज्यादा संख्या में पहली डोज का टीका लगाया गया। शनिवार को कुल 7743 लोगों ने कोरोना का टीका लगवाया। इसमें से 4695 लोगों ने पहली व 3048 लोगों ने कोरोना से बचाव के लिए दूसरी डोज का टीका लगवाया। जिले की आबादी के मुकाबले स्वास्थ्य विभाग लगभग 100 फीसदी लोगों को कोरोना का टीका लगा चुका है, बावजूद इसके अब भी बड़ी संख्या में लोग टीकाकरण के लिए शासकीय टीकाकरण केंद्रों पर भटकने को मजबूर हैं।
100 लोगों को लगी स्पुतनिक-वी
शनिवार को जिले में शासकीय केंद्रों पर 1812 को व निजी केंद्रों पर 5931 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इसी के साथ अब लाभार्थियों की कुल संख्या बढ़कर 17 लाख 18 हजार 291 तक पहुंच गई है। शनिवार को भी सेक्टर-31 पॉलीक्लीनिक केंद्र पर 100 लोगों को स्पुतनिक-वी की वैक्सीन लगाई गई। वहीं, विदेश जाने वाले 65 लोगों को टीके की दूसरी डोज दी गई। वहीं, हुडा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन पर 49 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया।
आज नहीं होगा शासकीय केंद्रों पर टीकाकरण
रविवार को किसी भी शासकीय केंद्र पर कोरोना से बचाव का टीका नहीं लगाया जाएगा। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि रविवार को शासकीय केंद्रों पर सामान्य टीकाकरण के साथ ही विदेश जाने वाले यात्रियों का भी टीकाकरण बंद रहेगा। शनिवार को जिले में 18-44 आयु वर्ग में 5100 व 45 साल से ज्यादा आयु वर्ग में 2347 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं, 86 स्वास्थ्यकर्मियों व 210 फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी कोरोना का टीका लगाया गया।