गुरुग्राम। शहर के सिकंदरपुर में एमजी रोड के पते पर एक व्यक्ति द्वारा अपने नौकर के नाम पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्रेेशन कराकर फर्म चलाकर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट का करोड़ों का नुकसान करने का मामला सामने आया है। विभाग की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को रिमांड पर लेकर फर्जी दस्तावेज व अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
तीन माह पहले इनकम टैक्स डिपार्टमेंट ने सदर थाना पुलिस को शिकायत दी थी कि सिकंदरपुर घोसी में एमजी रोड पर वशिष्ठ कमर्शियल कांपलेक्स के पते पर दिल्ली के नांगलोई निवासी मनोज कुमार ने अपने नौकर के नाम पर फर्जी तरीके से नम: इंटरप्राइजेज नाम की फर्म रजिस्टर्ड करा रखी है। मौके पर जाकर देखा तो वहां इस नाम की कोई फर्म नहीं है। इस फर्म से अब तक करीब 20 करोड़ का लेनदेन हो चुका है। इससे करोड़ों के इनकम टैक्स की चोरी की गई है।
ेशिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। विगत बुधवार को उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई आरोपों की पुष्टि हो चुकी है। उसका असली नाम वीरेंद्र निवासी रोहिणी, दिल्ली है। अब आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। इससे फर्जी दस्तावेज बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।