गुरुग्राम। कांकरौला गांव में देर रात लेनदेन के विवाद के बाद दो युवकों ने एक किसान को गोली मार दी। वारदात के बाद पीड़ित मौके पर ही गिर गया इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गया। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलवस्था में किसान को आईएमटी मानेसर स्थित निजी अस्पताल में दाखिल कराया। खेड़कीदौला थाना पुलिस ने युवक के बयान पर गांव के ही हरिओम और नाहरपुर निवासी कुलदीप के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कांकरौला गांव निवासी हरीश (31) खेतीबाड़ी का काम करता है। कुछ समय पहले उसने गांव के ही युवक हरिओम को छह लाख रुपये उधार दिए थे। काफी समय से हरिओम उधार की रकम दे नहीं रहा था। बुधवार रात करीब 10:30 बजे किसान ने हरिओम को कॉल कर उधार दिए रुपये मांगे, इस पर आरोपी ने मिलने के लिए कहा। किसान थोड़ी ही देर में उसके घर की तरफ गया तो घर के पास ही हरिओम और कुलदीप मिल गए। जब युवक ने उससे रुपये मांगे तो कुलदीप ने उस पर पिस्तौल तानते हुए दो फायर कर दिए।ं एक गोली हरीश के दाहिने हिस्से पर पेट के ऊपर लगी। गोली लगने से वह खून से लथपथ हो गया और जमीन पर गिर गया। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
देर रात को गोली की आवाज सुनकर गांव में सनसनी मच गई। लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलवस्था में हरीश को अस्पताल में दाखिल करा पुलिस को सूचना दे दी। सूचना के बाद खेड़कीदौला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित के बयान पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही है।