शॉर्ट सर्किट से महिंद्रा सर्विस स्टेशन में लगी आग, लाखों का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। गुरुग्राम-अलवर रोड पर स्थित महिंद्रा सर्विस स्टेशन में बीती रात अचानक आग लग गई। आग लगने का कारण प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। इस घटना में सर्विस स्टेशन के मालिक को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है।
घटना शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय एक वाहन की मरम्मत का काम चल रहा था और सर्विस स्टेशन सामान्य दिनों की तरह खुला हुआ था। अचानक फर्स्ट फ्लोर स्थित कार्यालय से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फर्स्ट फ्लोर पर रखे बिजली के उपकरण, फर्नीचर और अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो चुके थे। सीटी थाना प्रभारी जगबीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग लगने का मुख्य कारण माना जा रहा है।