जिले में किसी भी आगजनी की घटना को लेकर कर्मचारी रहेंगे अलर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला फायर विभाग पूरी तरह से अलर्ट हो गया है। विभाग ने दशहरा, दिवाली, धनतेरस और भैयादूज जैसे प्रमुख त्योहारों के दौरान संभावित आगजनी की घटनाओं से निपटने की तैयारी की है।
उच्चाधिकारियों के निर्देश पर जिले के सभी फायर स्टेशनों के कर्मचारियों को 24 घंटे मुस्तैद रहने और छुट्टी न लेने को कहा गया है। फायर विभाग गुरुग्राम के सदर बाजार, सेक्टर-14 मार्केट, सेक्टर-31 मार्केट, सिकंदरपुर मार्केट, नात्थूपुर, डीएलएफ क्षेत्र और उद्योग विहार सहित भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों पर निगरानी रखेगा। बाजारों में भीड़ को देखते हुए विभाग विशेष सतर्कता बरतेगा। शहर की तंग गलियों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहुंचने में दिक्कत न हो, इसके लिए पहले से रूट प्लान तैयार किए जा रहे हैं। दिवाली और धनतेरस पर बाजारों में भीड़ बढ़ने से आग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसी के मद्देनजर जिला फायर विभाग ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर दी हैं। दिवाली से करीब 15 दिन पहले ही फायर स्टाफ को अपने-अपने स्टेशन पर मौजूद रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटा जा सके।
तैयारियों का जायजा
जिला फायर विभाग के सातों फायर स्टेशनों पर अग्निशमन वाहनों और वॉटर टेंडर्स की जांच की जा रही है। आग बुझाने वाले आधुनिक उपकरणों की भी जांच पूरी की गई है। सभी फायर स्टेशनों पर पानी की व्यवस्था पुख्ता की जा रही है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पानी के स्रोतों को लेकर एक सूची तैयार की जा रही है। इससे किसी भी आगजनी की घटना में दमकल गाड़ियों में तुरंत पानी भरा जा सकेगा। वरिष्ठ फायर अधिकारी नरेंद्र यादव ने कहा, त्योहारी सीजन पर आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए व्यवस्था की जा रही है। दिवाली से 15 दिन पहले स्टाफ की छुट्टियां रद की जाएंगी। जिला वासियों से भी अपील है कि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित करें।