लघु सचिवालय की दूसरी मंजिल स्थित एनआईसी कार्यालय में लगी थी आग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिला अदालत परिसर में आग लगने के बाद शुक्रवार को लघु सचिवालय के दूसरी मंजिल स्थित एनआईसी कार्यालय में आग लग गई है। गनीमत यह रही कि कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया था। इसकी वजह से बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
जिला अदालत परिसर में पहले से ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौजूद थी। सूचना मिलते ही तुरंत वहां से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे एनआईसी कार्यालय से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे सचिवालय परिसर में हड़कंप मच गया।
सुरक्षा की दृष्टि पूरे सचिवालय की बिजली तत्काल बंद कर दी गई। बिजली कटने के कारण भवन में कुछ समय के लिए अंधेरा छा गया और कर्मचारी बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके के लिए रवाना कर दी गईं। हालांकि कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग को फैलने से पहले ही नियंत्रित कर लिया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और सुरक्षा जांच की।