बस अड्डे पर नियमित रूप से सफाई और कूड़ा उठाने का नहीं हो रहा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। बस अड्डा पर जमा कूड़े का समय पर उठान न होने के कारण शुक्रवार को आग लगने से उठने वाले धुएं ने यात्रियों और आसपास के लोगों को परेशान किया। यात्रियों ने बताया कि नगर निगम गुरुग्राम की ओर से बस अड्डे पर नियमित रूप से सफाई और कूड़ा उठाने का काम नहीं किया जा रहा है।
इसी लापरवाही के चलते कूड़े के ढेर लगने से लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा बनता जा रहा है। गर्मी के मौसम में यह समस्या और बढ़ जाती है, क्योंकि खुले में पड़ा कूड़ा जल्दी आग पकड़ लेता है। बस का इंतजार कर रहे यात्री सुनील ने बताया कि बस अड्डे जैसे व्यस्त स्थान पर इस तरह की लापरवाही ठीक नहीं है। यहां हर दिन सैकड़ों लोग आते-जाते हैं, लेकिन सफाई व्यवस्था बेहद खराब बनी रहती है। वहीं अन्य यात्री रोहित ने बताया कि यहां पर मेरा आना जाना हर दिन है। कई बार कूड़े की मात्रा यहां पर इतनी हो जाती है, जिससे क्षेत्र में बदबू फैलने लगती है और यहां पर खड़ा होना मुश्किल होता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बस अड्डे पर नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए और कूड़े का समय पर उठान हो, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।