आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नकली मौनजारो इंजेक्शन बनाने और सप्लाई करने के मामले में जांच के आधार पर कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए आरोपी एबी शर्मा को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया गया है। ड्रग कंट्रोल विभाग अब उस कूरियर कंपनी की पहचान में जुटा है, जिसके जरिए आरोपी यह इंजेक्शन लोगों तक पहुंचाता था।
विभाग ने संबंधित डेटा खंगालना शुरू कर दिया है और पार्सल डिलीवरी रिकॉर्ड की जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, नेटवर्क की कड़ी जोड़ने के लिए कूरियर कंपनी की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक डोज का असर लगभग एक महीने तक रहता है। इसी वजह से इस रैकेट का दायरा तेजी से फैलने की संभावना जताई जा रही है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस अवैध कारोबार में और कौन लोग शामिल हैं, सप्लाई चैन कहां तक फैला हुआ है। ड्रग कंट्रोल विभाग पूरे नेटवर्क को ट्रेस कर सख्त कार्रवाई करने में जुटा हुआ है। जांच में सामने आया था कि चार इंजेक्शन को बेचे जा चुके थे, उन्हें वापस मंगा लिया गया है। आरोपी चीन की अलीबाबा साइट से कच्चा माल मंगाकर कूरियर के जरिए मंगाता था और नकली इंजेक्शन तैयार कर कूरियर के जरिए बेचते थे। 19 अप्रैल को 70 लाख का स्टॉक जब्त किया था।
इंडियामार्ट से मांगा डेटा
इंडियामार्ट से मांगे गए डेटा को लेकर विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है और जांच तेज कर दी है। ट्रेडिंग कंपनी से संबंधित जानकारी मांगी गई है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इंजेक्शन कहां तक पहुंचा और इसमें कितना रुपये का निवेश किया था। इस डेटा से एजेंसियां जान रही हैं कि मामले में कौन लोग सीधे या परोक्ष रूप से शामिल थे और नेटवर्क कितना बड़ा है। जांच से यह भी स्पष्ट होगा कि रुपये का लेन-देन किन-किन माध्यमों से हुआ और किस स्तर तक नेटवर्क फैला।
वर्जन
इस मामले में आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच आगे बढ़ाते हुए संबंधित कूरियर कंपनी की पहचान की जा रही है। इसके अलावा इंडियामार्ट से भी जरूरी डेटा मांगा गया है ताकि पूरे नेटवर्क और लेन-देन की कड़ी को स्पष्ट किया जा सके। -
अमनदीप चौहान, जिला ड्रग कंट्रोल अधिकारी