गुरुग्राम। उद्योग विहार फेज-5 में बुधवार को रात को रेडीमेड कपड़े की कंपनियों के पीछे अवैध रूप से चल रहे कबाड़ी के गोदाम में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग की लपटों पर कई कंपनियों के एयर कंडीशनर जल गए। दमकल विभाग की दो गाड़ियों करीब आधे घंटे में ही आग पर काबू पा लिया। आग की इस घटना से रेडीमेड कपड़े की कई कंपनियां बाल-बाल बची।
बुधवार रात करीब दस बजे उद्योग विहार फेज-5 के प्लॉट नंबर 695, 96, 97 के पीछे बने कबाड़ी के गोदाम में आग लग गई। आग भी कंपनियों के बिल्कुल पीछे के हिस्से में लग गई। कंपनियों की दीवार के पास पड़ा कबाड़ जलकर राख हो गया है, साथ ही ऊपर लगे कंपनियों के एसी भी जल गए। कंपनी के किसी कर्मचारी ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। कंपनी मालिक वैभव कपूर ने बताया कि यह कबाड़ी के गोदाम के कारण आए दिन नई-नई परेशानी झेलनी पड़ रही है। एचएसआईआईडीसी की खाली जमीन पर यह कबाड़ी का गोदाम अवैध रूप से चलाया जा रहा है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है।