काम करते समय बार-बार टोकने से शटरिंग कर रहे मजदूर का भटका ध्यान
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-71 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल में निर्माणाधीन साइट पर मजदूर की गर्दन के सरिया आरपार निकलने मामले में बादशाहपुर थाने में टावर इंचार्ज के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। पीड़ित मजदूर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शटरिंग का काम करते समय टावर इंचार्ज की ओर से बार-बार टोकने से उसका ध्यान भटक गया था और यह हादसा हो गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
बिहार के मुज्जफरपुर निवासी मनीष कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 25 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे वह सेक्टर-71 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल में शटरिंग का काम कर रहा था। सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी से टावर इंचार्ज लोहित ने मनीष को कई बार काम के लिए टोका। लोहित ने मनीष को जोर-जोर से बोला तो वह घबरा गया। ऐसे में मनीष जिस दीवार पर खड़ा होकर काम कर रहा था, तो वह घबरा कर नीचे गिर गया। ऐसे में मनीष की गर्दन में 8 एमएम का सरिया आरपार हो गया। घायल मनीष को उपचार के लिए निजी अस्पताल में पहुंचाया।
घायल मजदूर मनीष कुमार की शिकायत के आधार पर धारा 281, 125ए बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। टावर इंचार्ज लोहित को जांच में शामिल करके बयान दर्ज किए जाएंगे। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है। - राकेश कुमार, हेड कांस्टेबल, जांच अधिकारी