-क्षेत्रीय अधिकारी की टीम ने मंडी सहित तीन मिलों का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। अनाज मंडी में गेहूं खरीद व्यवस्था को लेकर शुक्रवार को हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जोनल अधिकारी (जेडओ) जितेंद्र कुमार व डीएमईओ सुल्तान सिंह के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मंडी की व्यवस्था और खरीद प्रक्रिया का बारीकी से जायजा लिया। तीन मिलों में भी जांच की गई। इस दौरान मार्केट फीस की चोरी मिलने पर आठ लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंडी में गेहूं की आवक, तुलाई, उठान तथा रिकॉर्ड के रखरखाव की जांच की। टीम के पहुंचते ही कई आढ़तियों और कर्मचारियों में हड़बड़ी साफ नजर आई। कुछ स्थानों पर दस्तावेजों को दुरुस्त करने की कोशिशें भी देखी गईं। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। मंडी निरीक्षण के बाद टीम ने जमालगढ़ रोड स्थित तीन आटा व तेल मिलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जांच के दौरान एक मिल पर रिकॉर्ड में दर्शाई गई मात्रा से अधिक गेहूं व सरसों का स्टॉक मिलने की बात सामने आई।
सूत्रों के अनुसार, मिल में मार्केट फीस की चोरी का मामला सामने आने पर करीब आठ लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बताया जा रहा है कि मील संचालक द्वारा खरीद और स्टॉक का सही ब्यौरा नहीं दिया गया था, जिससे राजस्व को नुकसान पहुंचा। हालांकि इस कार्रवाई को लेकर देर शाम तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई। दूसरी ओर, मार्केट कमेटी के अधिकारी भी इस पूरे मामले में जिम्मेदारी से बचते नजर आए। संपर्क करने पर अधिकारियों ने जांच पूरी होने का हवाला देते हुए कोई ठोस जानकारी देने से इंकार कर दिया। इससे पूरे मामले को लेकर स्थिति और अधिक स्पष्ट नहीं हो सकी है। डीएमईओ सुलतान सिंह ने बताया कि मंडी में गेहूं की अब तक तकरीबन पांच हजार क्विंटल की खरीद हो चुकी है। वेयर हाउस द्वारा खरीद की जा रही है। खरीद में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए गए है।