-पुलिस प्रवक्ता ने शुरुआती जांच में धर्म परिवर्तन की बात से किया इन्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। फर्रुखनगर थाना क्षेत्र में धर्म परिवर्तन नहीं करने पर करीब डेढ़ दर्जन से ज्यादा लोगों ने एक परिवार पर हमला कर दिया। आरोपियों ने पीड़ितों के साथ जमकर मारपीट की और मकान में भी तोड़फोड़ की। शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, शुरुआती जांच में पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन ने धर्म परिवर्तन की बात से इन्कार किया है। उनका कहना है कि अब तक जांच में वाहन पार्क करने को लेकर मारपीट का मामला सामने आया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव झांझरौला खेड़ा निवासी जितेंद्र ने बताया कि गांव में ही रहने वाला बीर सिंह 20 साल से ईसाई धर्म को मानता है और घर पर चर्च भी चलाता है। आरोप है कि बीर सिंह की पत्नी ने जितेंद्र की पत्नी को धर्म परिवर्तन करने के लिए दो लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया था। बीर सिंह ने उसे 50 हजार रुपये और बतिस्मा लेने की बात कहकर धर्म परिवर्तन का प्रलोभन दिया था, लेकिन उसने मना कर दिया। आरोप है कि इसके बाद त्रिवेंदर ने भी उसे एक लाख रुपए लेकर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया। मना करने पर आरोपियों ने उनके ससुराल वालों से संपर्क किया और उनके माध्यम से धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया।
दबाव देने के बाद भी जब उन्होंने धर्म परिवर्तन नहीं किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके घर पर रखे सारे सामान को तोड़ दिया और अलमारी में रखे गहने व कीमती सामान को निकाल लिया। इस बारे में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर करीब 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।