नागरिक अस्पताल में रोजाना 300 से 400 लोगों की हो रही खून जांच
पिछले तीन वर्षों में इस वर्ष सबसे अधिक मलेरिया के मामले
सौम्या गुप्ता
गुरुग्राम। जिले में डेंगू और मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। घर-घर में बुखार के मामले बढ़ रहे हैं। वायरल, मलेरिया और डेंगू के केस बढ़ने के कारण नागरिक अस्पताल और निजी अस्पतालों में खून की जांच के लिए लंबी लंबी कतारें लग रही हैं। बुखार आते ही लोग खून की जांच करा रहे हैं। इस साल अब तक डेंगू के 51 मरीज सामने आ चुके हैं। एक अगस्त से 16 सितंबर तक 2,387 लोगों की डेंगू के लिए सैंपल लिए गए।
डेंगू के अलावा मलेरिया के भी आठ मामले सामने आ चुके हैं लेकिन मलेरिया के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखने को मिली है। 2021 से 2023 के बीच मलेरिया का एक भी मामला सामने नहीं आया था। वहीं, वर्ष 2024 में मलेरिया के दो मामले सामने आए थे। ऐसे में मच्छरजनित बीमारी का खतरा बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है। स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है और रोकथाम के उपाय तेज कर दिए हैं।
नागरिक अस्पताल में 10 बेड का डेंगू वार्ड
डेंगू से इलाज के लिए सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में 10 बेड़ का डेंगू के लिए विशेष वार्ड तैयार किया गया है, जिससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को बेहतर ढंग से डेंगू के दौरान उपचार किया जा सके। अस्पताल में रोजाना औसतन 400 से अधिक मरीज बुखार, सर्दी-जुकाम, खांसी, और फंगल इन्फेक्शन जैसी शिकायतों के साथ पहुंच रहे हैं।
-
डेंगू के मामले
वर्षमामले
-2021 - 327
-2022- 440
-2023- 276
-2024- 186
-2025- 51 (16 सितंबर तक)
-
बचाव के उपाय
- शाम के समय में घर के दरवाजे को बंद रखने रखें।
-पूरे बाजू के कपड़े पहनें
-आसपास दो दिन से ज्यादा पानी न जमा होने दें।
-जमा पानी में तारपीन के तेल डाल दें जिससे लार्वा न पनप पाए।
-
वर्जन
डेंगू व मलेरिया की रोकथाम को लेकर लार्वा की जांच की जा रही है। लार्वा मिलने पर संबंधितों को नोटिस जारी किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर में कूलर या अन्य जगहों पर पानी न जमा होने दें। पूरी बाजू के कपड़े पहनकर मच्छरों से बचाव करें। - डाॅ. जयप्रकाश, जिला मलेरिया अधिकारी, (डिप्टी सिविल सर्जन), स्वास्थ्य विभाग