संवाद न्यूज एजेंसी
तावड़ू। खोरी कला के अतीतका-सुनारी मोड़ स्थित एमजी इंटरप्राइजेज के गोदाम में अवैध रूप से रखी गई यूरिया खाद की बड़ी खेप पकड़े जाने के बाद पुलिस ने संचालक मोहम्मद जुल्फिकार, पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी सुनारी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सोमवार शाम को मिली सूचना के आधार पर कृषि विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की, जिसमें गोदाम में 500 यूरिया के कट्टों की खेप बरामद हुई।
कृषि विभाग के एसडीओ डॉ. अजीत सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि गोदाम में यूरिया के कट्टों में छेड़छाड़ कर दोबारा भरने का काम किया जा रहा है। जांच के लिए पहुंची टीम ने मौके पर अनियमितताएं पाईं और त्वरित कार्रवाई करते हुए यूरिया के सैंपल लिए तथा गोदाम को सील कर दिया। खोरी कला चौकी प्रभारी सुभाष ने भी छापेमारी के दौरान कई अनियमितताएं देखीं।
पुलिस ने उसी दिन एक अन्य कबाड़ गोदाम में भी छापेमारी कर 500 यूरिया कट्टों को जब्त किया था, जिसके बाद कृषि विभाग को सूचित किया गया। जांच में पता चला कि यूरिया की कालाबाजारी का यह मामला किसानों के लिए गंभीर समस्या का कारण बन रहा है। बता दें कि किसानों को यूरिया की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है, जिसका फायदा उठाकर कालाबाजारी करने वाले सक्रिय हो रहे हैं। इस घटना ने क्षेत्र में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को और तेज कर दिया है। कृषि विभाग और पुलिस ने इस मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।