संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल/ होडल। जिला प्रशासन ने बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन एकता पदयात्रा को लेकर तैयारी कर ली है। इसी के तहत मंगलवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ और पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने गदपुरी टोल प्लाजा से लेकर होडल अनाज मंडी तक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
गौरतलब है कि सनातन एकता पदयात्रा 10 नवंबर को पलवल पहुंचेगी। यात्री पृथला में दोपहर का भोजन करेंगे। वहीं, रात में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय (नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम) में रात्रि विश्राम करेंगे। 11 नवंबर को यात्रा दोबारा शुरू होगी और गांव मितरोल में रात्रि ठहराव करेगी। 12 नवंबर को बंचारी गांव में यात्रा दोपहर का भोजन करेगी। इसके बाद होडल अनाज मंडी में रात्रि विश्राम करेगी।
निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक रामरतन, एसडीएम बैलिना राणा, यात्रा प्रभारी बिजेंद्र गठेरवा उर्फ बोबी राजा, डीएमसी मनीषा शर्मा सहित अनेक विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त ने यात्रा प्रभारी बिजेंद्र गठेरवा से पदयात्रा के मार्ग, ठहराव और व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा सभी विभागों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ. वशिष्ठ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पदयात्रा मार्ग और ठहराव स्थल के आसपास मांस और मदिरा की दुकानों को पूर्ण रूप से बंद करवाया जाए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, अस्थायी शौचालय, जलपान, चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, अग्निशमन और बिजली आपूर्ति जैसी सभी मूलभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
ड्रोन से होगी यात्रा की निगरानी : सनातन एकता पदयात्रा को लेकर जिला पुलिस ने यातायात व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विस्तृत योजना तैयार की है। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक जगबीर सिंह ने बताया कि पूरी यात्रा की सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। यात्रा मार्ग की निगरानी ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी।
ट्रैफिक रूट डायवर्जन:
प्रस्तावित पदयात्रा के मध्य नजर दिल्ली की तरफ से आने वाले भारी वाहन सिकरी फरीदाबाद से बड़ोदरा एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर अपने गंतव्य तक पहुंचे।
अलीगढ़ की तरफ से आने वाले वाहन बस, ट्रक या और भी भारी वाहन केएमपी/केजीपी होते हुए अपने गंतव्य पर पहुंचे।
सोहना, होडल तथा हथीन से आने वाले भारी वाहनों (जैसे ट्रक, बस, आदि) सुविधा अनुसार अन्य वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
नागरिक किसी भी सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 01275-298065, 67 या हेल्पलाइन 112 पर संपर्क कर सकते हैं।