-रोजकामेव स्थित आईएमटी पर 14 माह से धरने पर बैठे किसानों का ऐलान
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। जिले के रोजका मेव स्थित आईएमटी में करीब 14 माह से धरने पर बैठे किसानों ने एक बैठक का आयोजन किया। जिसमें किसानों ने अपनी आागामी रणनीति बनाते हुए तीन मई को एक महापंचायत का ऐलान किया।
इस दौरान किसानों ने बताया कि बीते 7 अप्रैल को काम रोको महापंचायत की थी। इस दौरान किसानों ने काम रोकने का प्रयास किया। इसके बाद प्रशासन की और से अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप मलिक ने किसानों से उनकी सीएम के साथ वार्ता कराने का 20 दिन का समय लिया। प्रशासन द्वारा दिए गए समय 30 अप्रैल को पूरा हो गया। लेकिन अभी तक किसानों की किसी के साथ कोई वार्ता नहीं हुई। जिससे किसानों में सरकार व प्रशासन के प्रति भारी रोष पनप रहा है। किसान अब आगामी तीन मई को महापंचायत की तैयारी में जुट गए है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि इस महापंचायत में मेवात के मौलाना, किसान संगठनों के पदाधिकारी, प्रदेश किसान यूनियन के बड़े नेताओं सहित अन्य किसान हितैशी भी इस महापंचायत में शामिल होंगे। इस मौके पर किसान नेता हाजी सिराजुद्दीन, मोहम्मद एसपी के अलावा जाहिद हुसैन ने बताया कि अब तीन मई को किसान करो या मरो महापंचायत करेंगे। जिसमें सभी नौ गांवों के महिला, युवा, बुजुर्गों के अलावा बच्चे भी शामिल होंगे। चाहे सरकार उनको जेल में डाले, मुकदमा दर्ज करें या फिर जो भी कदम उठाएं। लेकिन वह पीछे हटने वाले नहीं हैं। वह 12 साल से लगातार संघर्ष कर रहे हैं। करीब 12 बड़ी महापंचायत हुई। जोकि अभी तक बेनतीजा रही है। अगर तीन मई से पहले उनकी सीएम के साथ वार्ता नहीं हुई तो वह तीन मई को वह महापंचायत करेंगे।