महिला ने इंस्टाग्राम पर देखा था विज्ञापन देखा था, क्लिक करते ही व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर अपराध थाना पूर्व क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक महिला से ऑनलाइन स्टॉक ट्रेडिंग से मुनाफा कमाने का झांसा देकर 8.83 लाख रुपये की ठगी की है। ठगों ने युवती से न केवल उसकी पूरी जमा-पूंजी हड़प ली, बल्कि उसके माता-पिता व पति के बैंक खातों से भी रुपये निवेश कराए।
सेक्टर-31 निवासी आशिमा गर्ग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह निजी कंपनी में नौकरी करती है। बीते फरवरी माह में उसने इंस्टाग्राम पर एक विज्ञापन देखा। विज्ञापन पर क्लिक करते ही उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। उस ग्रुप में 145 सदस्य थे और वे भारी मुनाफा कमाने के दावे कर रहे थे। ठगों ने एडवांस ब्रोकर अकाउंट खोलने का लिंक भेजा और आशिमा गर्ग ने उसे खोलकर ट्रेडिंग शुरू कर दी। ग्रुप में अन्य सदस्य अपनी ट्रेडिंग से हुए मुनाफे के स्क्रीनशॉट साझा करते थे। आशिमा ने विश्वास करते हुए 24 मार्च को 50 हजार रुपये निवेश कर दिए। ठगों ने आशिमा को विश्वास दिलाया कि यह खाता भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (एसईबीआई) से मान्यता प्राप्त है और जमा राशि तुरंत उनके ब्रोकर खाते में दिखाई देगी।
24 मार्च से चार अप्रैल तक साइबर ठगों ने आशिमा के बैंक खाते से 8.83 लाख रुपये निवेश कराए। इसके अलावा आशिमा ने अपने माता-पिता व पति के बैंक खातों से भी रुपये निवेश किए। जब महिला ने पोर्टल से अपने रुपये निकालने की कोशिश की तो साइबर ठगों ने और रुपये निवेश करने के लिए कहा। इससे महिला को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी।
केस-2
टास्क के नाम पर 3.54 लाख रुपये ट्रांसफर कराए
साइबर अपराध थाना मानेसर में साइबर ठगों ने एक युवक को टास्क पूरा करके मुनाफा कमाने का लालच देकर 3.54 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। पटाैदी के घोषगढ़ निवासी आशीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि साइबर ठगों ने पांच अप्रैल को उसके मोबाइल पर टेलीग्राम लिंक भेजा और टास्क पूरा करने के लिए कहा। साइबर ठगों के झांसे में आकर आशीष ने 24 अप्रैल को अपने पिता के बैंक खाते से एक लाख रुपये और 2.54 लाख रुपये निवेश कर दिए। इसके बाद जब आशीष ने रुपये वापस निकालने चाहे तो साइबर ठगों ने उसे और रुपये निवेश करने के लिए कहा। आशीष को अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ और उसने पुलिस को शिकायत दे दी।
केस-3
यूट्यूब चैनल सब्सक्राइब करने का टास्क देकर 67 हजार हड़पे
साइबर अपराध थाना पश्चिम क्षेत्र में जालसाजों ने यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करने का टास्क देकर एक युवक से 67 हजार रुपये की धोखाधड़ी की है। जालसाजों ने युवक के व्हाट्सएप नंबर पर टेलीग्राम लिंक भेजा और टास्क पूरा करके रुपये कमाने के बारे में बताया। सेक्टर-110 में रहने वाले सुहेल अख्तर को पहला टास्क पूरा करने पर दो हजार रुपये मिले तो वह लालच में आ गया। जालसाजों ने सुहेल अख्तर को कहा कि 66,900 रुपये निवेश करने पर अधिक मुनाफा मिलेगा। ऐसे में युवक ने लालच में आकर 12 मार्च को 66,900 रुपये जालसाजों द्वारा बताए गए अकाउंट में भेज दिए। उन जालसाजों ने सुहेल से रुपये निवेश करने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया और रुपये वापस मांगे तो सुहेल को टेलीग्राम ग्रुप से हटा दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस मामला दर्ज करके जांच कर रही है।
केस-4
होटल की रेटिंग कर रुपये कमाने का लालच देकर 1.64 लाख उड़ाए
साइबर अपराध थाना पश्चिम क्षेत्र में एक युवती से होटल की ऑनलाइन रेटिंग करके रुपये कमाने का लालच देकर 1.64 लाख रुपये की ठगी की गई है। पटेल नगर निवासी अंजली कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 अप्रैल को पार्ट टाइम काम करने का ऑफर आया। साइबर ठगों ने अंजली को एक टास्क पूरा करने पर 150 रुपये देने की बात कही। अन्य टास्क आया तो साइबर ठगों ने 1000 रुपये लगाने के लिए कहा। जब युवती ने 1000 रुपये लगाए तो उसके बैंक खाते में 1410 रुपये डाल दिए। इसके बाद टास्क पूरा करने के लिए सात हजार रुपये निवेश करने के लिए कहा गया। युवती द्वारा सात हजार रुपये निवेश करने के बाद उससे 44 हजार रुपये निवेश कराए गए। साइबर ठगों ने इसके बाद भी युवती से 48 हजार रुपये और 65 हजार रुपये निवेश करा लिए। ऐसे में जब अंजली ने अपने रुपये वापस मांगे तो साइबर ठगों ने उसे रुपये निवेश करके राशि निकालने की बात कही। अंजली कुमारी ने अपने साथ हुई साइबर ठगी की शिकायत पुलिस को दी है।