स्टेज से कॉलर पकड़कर उतारने, बदतमीजी व गाली-गलौज करने के लगाए आरोप
गुरुग्राम। हरियाणवी गायक मासूम शर्मा पर एक फैन ने सेक्टर-29 स्थित जिमखाना क्लब में 22 मार्च की रात को आयोजित हुए कार्यक्रम के दौरान बदतमीजी करने व गाली देने का आरोप लगाते हुए गुरुग्राम पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता युवक का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-29 थाना पुलिस छानबीन कर रही है।
परवेश बाघोरिया ने गुरुग्राम के पुलिस आयुक्त के नाम दी शिकायत में बताया कि वह 22 मार्च की रात को आयोजित म्यूजिक कॉन्सर्ट में गया था। वह मासूम शर्मा से मिलने के लिए लगभग 9.45 बजे स्टेज की ओर बढ़ा तो सिक्योरिटी स्टाफ ने उसे अनुमति दे दी। जब वह स्टेज पर पहुंचकर मासूम शर्मा के साथ सेल्फी लेने लगा तो उन्होंने उसका कॉलर पकड़कर शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया और स्टेज से धक्का देते हुए गालियां दीं। फैन परवेश का आरोप है कि जब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो उससे उसके आत्मसम्मान को ठेस पहुंची। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना के बाद मासूम के फॉलोअर्स ने उसे और परिवार को परेशान करना शुरू कर दिया है। परवेश ने गायक के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इसके अलावा परवेश ने शिकायत देने से पहले सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने साथ हुई घटना बताई। परवेश ने गायक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है।
मासूम शूर्मा के खिलाफ एक युवक की शिकायत आई है। शिकायत के आधार पर जांच करने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। अभी इस बारे में कुछ ज्यादा नहीं कहा जा सकता। -रवि कुमार, प्रभारी निरीक्षक, थाना सेक्टर-29