अब तक सात आरोपी गिरफ्तार और 40 लाख रुपये किए जा चुके हैं बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। किशोरी को उनकी फोटो वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करके 80 लाख रुपये ठगी के मामले में पुलिस ने नकली डीएसपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार हुए आरोपी की पहचान नूंह के गांव जांक निवासी फरदीन के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके साथ ही पुलिस 40 लाख रुपये भी बरामद कर चुकी है। किशोरी की दादी की शिकायत पर सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
पिछले साल 21 दिसंबर को पुलिस को किशोरी की दादी ने शिकायत में बताया था कि उनके खाते में जमीन के रुपये आए थे। बैंक खाते से ऑनलाइन बैंकिंग मोबाइल में उनकी पोती चलाती है। उनकी पोती से कुछ युवकों ने फोटो वायरल करने के नाम पर ब्लैकमेल करके खाते से 80 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए। सेक्टर-10 थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ मिलकर कार्रवाई करते हुए पटौदी से आरोपी फरदीन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में पता चला है कि उसने ट्रूकॉलर पर डीएसपी की आईडी बनाई थी। आरोपी ने डीएसपी बनकर पीड़िता को गिरफ्तारी का डर दिखाकर पैसे ट्रांसफर करवाए थे।