गुरुग्राम। सेक्टर-29 निवासी पीयूष भटनागर ने लेजरवैली पार्क के पास पार्किंग स्थल में नामी पैथोलॉजी नाम से चल रहे कोविड-19 के फर्जी टेस्ट सेंटर के खिलाफ डीएलएफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने कहा है कि सोमवार को इसी स्थान पर कोरोना टेस्ट कराया था। जिसका पेटीएम से 900 रुपये का भुगतान भी किया गया। मंगलवार को इसकी पॉजिटिव रिपोर्ट ईमेल आईडी के माध्यम से भेजी गई।
इस रिपोर्ट पर शक होने पर उसी सेंटर पर दोबारा पहुंचे तो पता चला कि बंद है और पैथोलॉजी के नाम से हाथ से लिखी हुई एक स्लिप लगी हुई थी। इसके बाद पैथोलॉजी के कस्टमर केयर सेंटर के टोल फ्री नंबर पर संपर्क किया तो पता चला कि कोविड-19 की जांच के लिए गुरुग्राम में कोई भी कलेक्शन सेंटर नहीं है। साथ में यह भी बताया गया कि पीयूष भटनागर के नाम से कोविड टेस्ट की कोई रिपोर्ट जारी नहीं की गई है। पूरे घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए थाने में एफआईआर दर्ज करा दी गई है। डीएलएफ थाने में इस मामले की जांच कर रहे अधिकारी योगेश कुमार का कहना है कि जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।