संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। 12वीं कक्षा की इतिहास की परीक्षा में सोमवार को एक युवती को अपनी बहन की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती ने एडमिट कार्ड या अन्य किसी कागजात में छेड़छाड़ कर फर्जीवाड़ा तो नहीं किया है। यदि कागजों में छेड़छाड़ करने का मामला सामने आता है तो युवती को भी अन्य फर्जी परीक्षार्थियों की तरह जेल जाना पड़ेगा।
सोमवार को 12वीं कक्षा की इतिहास और जीव विज्ञान की परीक्षा थी। नूंह उपमंडल के बीवां गांव स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में चल रही परीक्षा में जब परीक्षा केंद्र पर तैनात स्टाफ परीक्षार्थियों की जांच कर रहा था तो उन्हें एक युवती पर संदेह हुआ। जिसकी जांच की गई तो पाया कि युवती किसी अन्य युवती की जगह परीक्षा दे रही थी। जिसे परीक्षा केंद्र से पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहां सामने आया कि युवती अपनी छोटी बहन के स्थान पर इतिहास विषय की परीक्षा देने के लिए आई थी। परीक्षा केंद्र के अधीक्षक विजय कुमार की शिकायत प पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की जांच की जा रही है। नूंह सदर थाना प्रभारी एसआई इंद्रजीत ने बताया कि अभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।