मेट्रो के विस्तार से ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलेगी
गुरुग्राम। गुरुग्राम शहर में मेट्रो के विस्तार को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की चौथी बैठक में मंजूरी मिलने का प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम शहर में मेट्रो के विस्तार से लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी और वाहनों से होने वाले प्रदूषण में भी काफी हद तक कमी आएगी।
उन्होंने कहा कि मेट्रो के गुरुग्राम में विस्तार के लिए काफी दिनों से प्रयास किया जा रहा था। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पहले ही इसकी हामी भर रखी थी और अब जीएमडीए की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के साथ ही इस योजना के धरातल पर उतारे जाने का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि मेट्रो के विस्तार से गुरुग्राम शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को काफी फायदा होगा। मेट्रो से स्टैंडर्ड ऑफ लाइफ अपने आप ऊंचा उठ जाता है और मेट्रो में सफर करने से लोगों को जीने का सलीका आता है, वे अपने आप ही मेट्रो में गंदगी नहीं फैलाते और स्वच्छता का पूरा ध्यान रखते हैं।
दूसरी ओर गुरुग्राम के विधायक उमेश अग्रवाल ने कहा कि पुराने गुरुग्राम को मेट्रो से जोड़ने के उनके प्रयास सफल हो गए। इस संबंध में उन्होंने गत सितंबर माह के दौरान विधानसभा में भी सवाल उठाते हुए जानना चाहा था कि आखिर गुरुग्राम में मेट्रो रेल सेवा कब तक शुरू होगी। उनके इस सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने विधानसभा को बताया था कि गुरुग्राम में मेट्रो चलाने के लिए हरियाणा सरकार निरंतर कार्य कर रही है।