गुरुग्राम। हरियाणा राज्य के सरकारी स्कूलों में पहली से आठवीं और 11वीं कक्षा की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो रही हैं। जिसमें पहली व दूसरी कक्षा की परीक्षाएं स्कूलों में ही आयोजित होंगी। तीसरी से आठवीं कक्षा तक अवसर एप पर ऑनलाइन परीक्षाएं आयोजित करने के लिए शिक्षा निदेशालय ने निर्देश दिए हैं। वहीं 11वीं कक्षा की परीक्षाएं स्कूलों में ही संचालित होंगी।
परीक्षाओं के दौरान वहीं छात्र स्कूल आ सकेंगे, जिनका पेपर होगा। अन्य छात्रों को स्कूल में आने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षाओं के दौरान कोविड-19 के नियमों का ध्यान रखा जाएगा, जिसमें छात्रों को मास्क लगाने, सैनिटाइजर से हाथ धोने और सामाजिक दूूरी बनाए रखने को कहा जाएगा। शिक्षा अधिकारी ने बताया कि स्कूल में आने वाले सभी छात्रों का तापमान जांचा जाएगा।
स्कूल अपने स्तर पर ले सकते हैं ऑनलाइन परीक्षाएं
तीसरी से आठवीं कक्षा के छात्रों के अवसर एप पर ऑनलाइन परीक्षा देने को लेकर अभिभावक भी संशय में थे कि कैसे उनके बच्चों का पेपर हो सकेेगा और शिक्षकों द्वारा भी विरोध किया जा रहा था। ऐसे में शिक्षा निदेशालय ने पत्र जारी करके आदेश दिए हैं कि जिन बच्चों को ऑनलाइन परीक्षा देने में परेशानी होती है तो स्कूल अपने स्तर पर ऑफलाइन परीक्षाएं ले सकते हैं। वहीं पहली व दूसरी कक्षा के बच्चों की ऑफलाइन परीक्षा ली जानी है। अगर अभिभावक बच्चों को स्कूल नहीं भेजते हैं तो शिक्षक फोन-मोबाइल के माध्यम से बच्चों की परीक्षा लेंगे।
ऑफलाइन होंगी 9वीं से 12वीं की परीक्षाएं
वहीं 9वीं और 11वीं कक्षा की परीक्षाएं ऑफलाइन सुबह 10 से 12.30 बजे तक होंगी। शहर के सेक्टर 4-7 स्थित राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या सुमन शर्मा ने बताया कि परीक्षाओं के दौरान शिक्षा विभाग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। छात्रों को परीक्षा में समय पर ही आने के लिए कहा गया हैै। समय से पहले स्कूल में छात्रों को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। वहीं परीक्षा समाप्त होने के तुरंत बाद छात्रों को स्कूल छोड़ने को कहा जाएगा।
सुबह 5 से रात 12 बजे तक खुलेगा पोर्टल
तीसरी से आठवीं कक्षा के छात्रों को सुबह 5 बजे से रात12 बजे तक परीक्षाएं देने के लिए छात्रों को समय दिया गया है। इस दौरान छात्र किसी भी वक्त अपनी कक्षा का प्रश्नपत्र डाउनलोड करके हल कर सकेंगे। इससे पूर्व प्रत्येक छात्र को मोबाइल फोन पर अवसर एप को अपडेट करना होगा। बच्चे के लिए 30-30 प्रश्न दिए जाएंगे। जोकि वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे। जिनको हल करने का समय 19 घंटे का होगा। साथ ही विभाग ने स्पष्ट किया है कि अगर किसी बच्चे ने प्रश्नपत्र में दिए गए प्रश्नों में से एक भी प्रश्न छोड़ दिया तो उस बच्चे का पेपर सबमिट नहीं होगा। बच्चे को सभी प्रश्नों का जवाब देना होगा। सभी सवाल हल करने के बाद ही पेपर सबमिट हो पाएगा।
परीक्षाओं को लेकर पूरी तैयारियां की गई हैं। जो छात्र अवसर एप पर ऑनलाइन परीक्षा नहीं दे सकते, वे अपने शिक्षकों को अवगत करा दें। जिसके बाद उनके ऑफलाइन पेपर कराने की व्यवस्था स्कूल में की जाएगी। इस संदर्भ में शिक्षा निदेशालय की ओर से आदेश मिल चुके हैं और सभी स्कूलों के प्रभारियों व शिक्षकों को भी इस बारे में अवगत कराया गया है।
- प्रेमलता यादव, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, गुरुग्राम