गुरुग्राम। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बृहस्पतिवार को जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए तीन सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। यूपी के हमीरपुर के रहने वाले दिप्पू व विजय बाइक से मानेसर जा रहे थे। वह विषम बाबा मंदिर के पास पहुंचे ही थे कि एक अज्ञात वाहन ने दोनों को रौंद दिया। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वहीं, सोहना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए गांव लखुवास के रहने वाले सतपाल पुत्र लालाराम कौम ने बताया कि वह और उसका भाई महेंद्र बाइक से बल्लभगढ़ मोड़ के पास अपने खेतों की ओर जा रहे थे। पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। इससे दोनों भाई घायल हो गए। अधिक चोटें लगने के कारण महेंद्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मानेसर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए उद्योग विहार फेज-6 के रहने वाले गौरव ने बताया कि वह और नगला एन्क्लेव पार्ट-2, फरीदाबाद निवासी सुरेंद्र बाइक से गुरुग्राम की कंपनी में काम करने जा रहे थे। सुरेंद्र बाइक चला रहा था। एनएसजी कैंप के पास वह पहुंचे ही थे कि बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। घायल को जल्द ही नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सुरेंद्र की मौत हो गई।