गुरुग्राम। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर प्रेरणादायक कार्यक्रम वृक्षाबंधन का आयोजन गढ़ी हरसरू स्थित एडुटेनमेंट ब्रेनरी परिसर में किया गया। इस अनूठे आयोजन में बच्चों ने पौधों को राखी बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया और पर्यावरण के प्रति अपने प्रेम को एक नई दिशा दी। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सचिन पाठक ने अपने संदेश में कहा कि वृक्ष हमारे सच्चे साथी हैं। उन्हें राखी बांधकर हम यह वचन देते हैं कि हम उनकी रक्षा करेंगे और उन्हें सहेज कर रखेंगे। एडुटेनमेंट ब्रेनरी की अध्यक्षा संगीता ने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति एक पौधा गोद लें और उसे राखी बांधकर उसका पालन-पोषण करें। यही सच्चे मायनों में पर्यावरण के प्रति हमारा प्रेम और कर्तव्य है। संवाद
रक्षा बंधन पर महिलाओं मुफ्त कर सकेंगी यात्रा
गुरुग्राम। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार ने राज्य की महिलाओं को खास तोहफा दिया है। 8 और 9 अगस्त को महिलाएं रोडवेज में मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इस योजना का लाभ गुरुग्राम से चलने वाली सभी हरियाणा रोडवेज की बसों में मिलेगा। गुरुग्राम डिपो के महाप्रबंधक ने जानकारी दी कि सरकार के निर्देशानुसार महिलाओं को रक्षाबंधन के एक दिन पहले यानि 8 अगस्त की दोपहर 12 बजे से 9 अगस्त की रात 12 बजे तक बसों में कोई किराया नहीं देना होगा।गुरुग्राम से चलने वाली बसें जिनका संचालन फरीदाबाद, पलवल, रेवाड़ी, झज्जर, दिल्ली और अन्य आसपास के जिलों तक होता है, उन सभी रूटों पर भी यह सुविधा लागू रहेगी। यह सुविधा केवल हरियाणा रोडवेज की बसों पर ही लागू होगी। संवाद