25वीं ऑल हरियाणा स्टेट किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026-27 में झटके 30 पदक
नंबर गेम- 06 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर के यूरो इंटरनेशनल स्कूल की विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने खेल, नेतृत्व कौशल और सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। सेक्टर-37डी, 51, 48, 45, 109 और 84 की शाखाओं में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने स्वर्ण पदकों की झड़ी लगाकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
सेक्टर-37डी की शाखा के विद्यार्थियों ने 25वीं ऑल हरियाणा स्टेट किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप 2026-27 में शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 स्वर्ण, 3 रजत और 3 कांस्य पदक जीते। इसके साथ ही विद्यालय के छह खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए हुआ है। वहीं, सेक्टर-51 के विद्यार्थियों ने हान क्वांग जू ताइक्वांडो अकादमी द्वारा आयोजित पांचवीं ताइक्वांडो प्रतियोगिता में कुल 13 पदक जीते। इसमें ब्रेकिंग स्पर्धा में 5 स्वर्ण और 4 रजत, जबकि फाइटिंग में 3 स्वर्ण पदक शामिल रहे। विजेता छात्र अंश, दिश्ती, दिया, सैयांश और दैविक ने अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता में भी कायम किया वर्चस्व
सेक्टर-48 शाखा के खिलाड़ियों ने एंबियंस पब्लिक स्कूल में आयोजित बैडमिंटन प्रतियोगिता में अपना वर्चस्व कायम किया। वेदांश ने अंडर-15 और 17 वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीता, जबकि रिथम यादव ने भी दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए। आहाना नेगी ने स्वर्ण और रजत, कोनिष्क ने रजत और आर्यन ने कांस्य पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया। उधर सेक्टर-109 (द्वारका एक्सप्रेसवे) की टीम ने जीथ्री यूथ इनविटेशनल कप फुटबॉल टूर्नामेंट में तिहरी सफलता हासिल की। विद्यालय ने अंडर-11 में दूसरा, जबकि अंडर-13 और अंडर-16 वर्ग में तीसरा स्थान प्राप्त किया।
विभिन्न शाखाओं की प्रधानाचार्या पूजा गौर, डॉ. प्रिया श्रीवास्तव और अन्य प्रभारियों ने विद्यार्थियों की इन उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल और सह-शैक्षणिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। ये जीत आगामी सीबीएसई स्कूल गेम्स के लिए भी एक उत्साहवर्धक संकेत है।